दुमका/
आदिवासी एक्सप्रेस।
गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर गोपीकांदर थाना क्षेत्र के रंगा मिशन फुटबॉल मैदान के पास एक अज्ञात कोयला हाइवा ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान मंजिराबाड़ी निवासी 38 वर्षीय संतोष किस्कू के रूप में हुई है, जो अपनी होंडा लीवो बाइक से किसी निजी काम के लिए गोपीकांदर ब्लॉक कार्यालय जा रहे थे। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि टक्कर के बाद बाइक हाइवा में ही फंस गई, जिसे चालक करीब आधा किलोमीटर दूर दुर्गापुर (मंजड़िहा) पुल तक घसीटते हुए ले गया और फिर बाइक को वहां निकालकर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत के निर्देशानुसार एएसआई मनोज सोरेन ने पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से घायल को तुरंत गोपीकांदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉ. हेमंत मुर्मू ने प्राथमिक उपचार के बाद संतोष के सिर, हाथ और कमर में आई गंभीर अंदरूनी चोटों को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए 108 एम्बुलेंस से दुमका के फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को जब्त कर थाना परिसर लाया है और मामले की छानबीन करते हुए फरार हाइवा की तलाश शुरू कर दी है।
