आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता
छतरपुर,पलामू। प्रखण्ड अंतर्गत
ग्राम गोंसाईडीह की एक गंभीर समस्या नाली निर्माण की मांग ग्राम गोंसाईडीह, पंचायत बगैया में नाली नहीं होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। घरों का गंदा पानी सीधे सड़क पर बहता रहता है जिससे सड़क पर कीचड़, गंदगी और बदबू का माहौल बना रहता है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोगों का वहाँ रहना और आना-जाना भी मुश्किल हो गया है। गर्मी के मौसम में यह हाल है, तो बरसात के समय समस्या और भी बढ़ जाती है। फिसलन के कारण कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। कई बार छोटे बच्चे भी सड़क पर फिसलकर चोटिल हुए हैं, जिससे अभिभावकों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों को आवेदन भी दिया गया, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है। आज नवयुवक संघ गोंसाईडीह की समिति ने मुखिया से मुलाकात कर इस समस्या को प्रमुखता से उठाया। मुखिया ने आश्वासन दिया है कि नाली निर्माण का कार्य बहुत जल्द शुरू कराया जाएगा। आशा करते हैं कि यह महत्वपूर्ण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा और ग्रामवासियों को इस गंभीर समस्या से राहत मिले।
