अजय कुमार कुशवाहा ब्यूरो
आदिवासी एक्सप्रेस
पतना, साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 55 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर, एक मारुति वैगन-आर कार, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, कई मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वे पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक क्षेत्र से ट्रेन के माध्यम से ब्राउन शुगर लाकर आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 की संध्या रांगा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि विजयपुर-मयूरझूटी रोड किनारे सुनसान जंगल-झाड़ी के पास खड़ी एक मारुति वैगन-आर कार में कुछ लोग अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही रांगा थाना में सनहा दर्ज कर इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई।
वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरहरवा श्री नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी कर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान एक ग्रे रंग की मारुति वैगन-आर कार में चार व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर कार और आरोपियों के पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर तथा नशा कारोबार में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने कार से एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, ब्राउन शुगर सेवन के लिए तैयार 50 पेपर कटिंग, 52 ग्राम गीला ब्राउन शुगर, सिल्वर फॉयल में पैक 17 पुड़िया ब्राउन शुगर जिसका कुल वजन 3.6 ग्राम पाया गया, एक लाइटर, टूटा हुआ ब्लेड तथा ब्राउन शुगर निकालने वाला चम्मच बरामद किया। इसके अलावा आरोपियों के पास से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन तथा कुल 7200 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
जब्त वाहन का पंजीयन संख्या WB02P-7018 बताया गया है। पुलिस ने बरामद सामानों को जब्त करते हुए रांगा थाना कांड संख्या 48/2026 दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 303(2), 317(2), 3(5) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में संजय कुमार वर्मा (34 वर्ष), पिता सुनील कुमार वर्मा, निवासी तलबड़िया, थाना रांगा, जिला साहिबगंज। स्थायी पता श्यामपुर, थाना कहलगांव, जिला भागलपुर (बिहार)।लाल मोहन साह (26 वर्ष), पिता दुलाल साह, निवासी तेलीपाड़ा, थाना बरहरवा, जिला साहिबगंज। राजेश पासवान (45 वर्ष), पिता स्व. नागेश्वर पासवान, निवासी कहलगांव वार्ड संख्या-16, जिला भागलपुर (बिहार)। संजीत कुमार (39 वर्ष), पिता स्व. रामनाथ तिवारी, निवासी कहलगांव पूरब टोला वार्ड संख्या-15, जिला भागलपुर (बिहार)।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी
छापामारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरहरवा श्री नितिन खंडेलवाल, पुलिस निरीक्षक बरहरवा प्रभाग श्री संतोष कुमार, रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव, पु.अ.नि. गौरव भगत, पु.अ.नि. महेश कुमार, स.अ.नि. कामेश्वर मरांडी, स.अ.नि. धाव प्रकाश मिश्रा सहित थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
