आदिवासी एक्सप्रेस/लालू कुमार यादव
हुसैनाबाद,पलामू। झारखंड-बिहार सीमा से सटे हुसैनाबाद प्रखंड के मलवरिया पंचायत अंतर्गत एकौनी गांव में मंगलवार शाम मौसम ने अचानक खतरनाक रूप ले लिया। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच धनंजय मेहता के घर के पास वर्षों पुराना विशाल आम का पेड़ जड़ों समेत उखड़कर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वहीं मलवरिया गांव में तेज हवा के कारण एक दुकान का करकट भी उड़ गया। कई जगह पेड़ों की डालियां बिजली तारों से टकराने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए रास्ता भी बाधित रहा। ग्रामीणों ने मिलकर रास्ता साफ कराया।ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव के जर्जर और खतरनाक पेड़ों की जांच कराने की मांग की है। मौसम विभाग की ओर से अगले कुछ दिनों तक तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
