विश्वनाथ कुमार गुप्ता( ब्यूरो) लखीसराय
बिहार ग्रामीण बैंक द्वारा बैंक ऋण की अदायगी नहीं करने वाले ऋणियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष वसूली अभियान के तहत जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में तीन ऋणियों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई बैंक ऋण की वसूली सुनिश्चित करने एवं जानबूझकर ऋण अदायगी में लापरवाही बरतने वाले ऋणियों के विरुद्ध की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीरीबाजार थाना पुलिस द्वारा रात्रि 12:20 बजे शाखा अभयपुर से संबंधित तीन ऋणी — राजीव कुमार रंजन, सुभाष चंद्र सिंह एवं कौशल कुमार — को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के उपरांत सभी ऋणियों को संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी, लखीसराय श्री रवि कुमार के समक्ष उनकी पेशी कराई गई।
पेशी के दौरान तीनों ऋणियों द्वारा बैंक की बकाया ऋण राशि जमा किए जाने के उपरांत फलस्वरूप सभी को रिहा कर दिया गया।
इस संबंध में लखीसराय जिला के DOCC श्री जफर इकबाल ने बताया कि बैंक ऋण लेकर जानबूझकर किस्त अथवा बकाया राशि जमा नहीं करने वाले ऋणियों के विरुद्ध आगे भी सघन अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे जिद्दी एवं डिफॉल्टर ऋणियों पर गिरफ्तारी (बॉडी वारंट)सहित कानूनी कार्रवाई करते हुए ऋण राशि की वसूली सुनिश्चित की जाएगी।
जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी, लखीसराय ने सभी ऋणियों से अपील की है कि वे समय रहते अपने ऋण की अदायगी कर दें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
