ब्रह्मपुत्र मेल से 2.1 किलो अफीम बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
आदिवासी एक्सप्रेस जिला ब्यूरो अजय कुमार कुशवाहा, प्रिंस मिश्रा
बरहरवा रेलवे स्टेशन पर बुधवार को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रह्मपुत्र मेल से लगभग 2.100 किलोग्राम संदिग्ध अफीम बरामद की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय रेलवे के माध्यम से मादक एवं साइकोट्रोपिक पदार्थों की अवैध तस्करी संबंधी गुप्त सूचना मिलने पर सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से आरपीएफ इंस्पेक्टर बरहरवा संजीव कुमार के निर्देशन में विशेष जांच एवं निगरानी अभियान चलाया गया। अभियान में इंस्पेक्टर लाल बहादुर माझी, एचसी महेश कुमार आर्य, एएसआई रविशंकर यादव, आरपीएफ/सीआईबी मालदा के एचसी नूपुर बरन मिद्या एवं सीडीपीएस मालदा के एएसआई बाबुल दास शामिल थे।
संयुक्त टीम ने ट्रेन संख्या 15658 डाउन ब्रह्मपुत्र मेल के बरहरवा स्टेशन पहुंचने पर प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कोच संख्या बी-5 की बर्थ संख्या 39 पर यात्रा कर रहे दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ में दोनों घबरा गए तथा अपने सामान और यात्रा के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
लगातार पूछताछ के बाद दोनों ने अपना नाम रुबुल अली एवं सहलम अली बताया। पूछताछ में रुबुल अली ने स्वीकार किया कि उसने अपने पेट के चारों ओर भूरे रंग के एडहेसिव टेप से बांधकर अफीम छिपा रखी है, जबकि सहलम अली उसका सहयोगी है। इसके बाद दोनों को ट्रेन से उतारकर प्लेटफॉर्म संख्या-01 स्थित न्यू फरक्का छोर के पास लाया गया तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए एएससी/आरपीएफ मालदा को सूचना दी गई।
करीब तीन बजे एएससी/आरपीएफ मालदा के पहुंचने के बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में एनडीपीएस एक्ट की धारा-50 का पालन करते हुए तलाशी एवं जब्ती की कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान आरोपी रुबुल अली के पेट से भूरे रंग के टेप में लिपटे दो पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 2.100 किलोग्राम संदिग्ध अफीम थी। इनमें पहला पैकेट 1.060 किलोग्राम तथा दूसरा पैकेट 1.040 किलोग्राम वजन का पाया गया।
इसके अलावा आरोपियों के पास से एक itel मोबाइल फोन, एक Vivo मोबाइल फोन तथा दैनिक उपयोग के सामान से भरा बैकपैक भी जब्त किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे रंगिया से दिल्ली जा रहे थे तथा दिल्ली रेलवे स्टेशन पर किसी अज्ञात व्यक्ति को यह मादक पदार्थ पहुंचाने के एवज में प्रत्येक को 10 हजार रुपये मिलने वाले थे।
आरपीएफ अधिकारियों ने सभी कानूनी औपचारिकताओं का पालन करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से पूर्व उन्हें उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई तथा उनके परिजनों को मोबाइल फोन के माध्यम से सूचित किया गया। बाद में जब्त सामान, दस्तावेज एवं गिरफ्तारी मेमो सहित दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा के हवाले कर दिया गया।
