गोमो। बजरंगबली मंदिर के सामने मेन रोड ओवरब्रिज के नीचे स्थित एक इलेक्ट्रिकल दुकान में सोमवार अहले सुबह भीषण आग लग गई। घटना में दुकान में रखा इलेक्ट्रिकल सामान जलकर राख हो गया। आग लगने से लगभग ढाई से तीन लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
दुकानदार इसराफिल अंसारी ने बताया कि रोज की तरह रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात खाना खाने के बाद सो गए। सुबह करीब 4 बजे मकान मालिक ने फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग काफी फैल चुकी थी। स्थानीय लोगों की मदद से बाहर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
दुकानदार के अनुसार दुकान “इसराफिल इलेक्ट्रिकल्स” के नाम से संचालित होती है, जहां इलेक्ट्रिकल सामान और रिपेयरिंग का कार्य किया जाता है। आग में इन्वर्टर, बैटरी, स्टेबलाइजर समेत कई महंगे उपकरण जल गए।
घटना की सूचना थाना को दे दी गई है। दुकानदार ने बताया कि थाना में देने के लिए आवेदन तैयार कर दिया गया है। फिलहाल दुकान की साफ-सफाई और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
