कोयला और फ्लाई ऐश के परिवहन ने बिगाड़े पब्लिक संडको की हालत
15 दिन में मरम्मत नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
टंडवा:चतरा। चूंदरू मोड़ उड़सू से लेकर डामहाबगी तक की सड़क इन दिनों पूरी तरह बदहाली की कहानी बयां कर रही है। यह सड़क अब सड़क कम, गड्ढों और धूल का खतरनाक जाल ज्यादा बन चुकी है। हालात इतने खराब हैं कि किसी भी वक्त बड़ी दुर्घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार कोयला और फ्लाई ऐश का भारी परिवहन हो रहा है, जिससे सड़क पूरी तरह टूटकर जर्जर हो चुकी है। धूल, गड्ढे और उखड़े हुए हिस्सों के बीच सफर करना आम राहगीरों के लिए जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। जेएमएम नेता जागेश्वर दास ने प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि टंडवा की जनता सड़क, शिक्षा, अस्पताल, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है, लेकिन जिला प्रशासन की संवेदनहीनता चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के उपक्रम एनटीपीसी और सीसीएल सीएसआर योजनाओं के नाम पर सिर्फ कागजी दावे करते हैं, जबकि जमीनी हकीकत पूरी तरह शून्य है।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह सड़क अब दुर्घटना को न्योता देने वाला रास्ता बन चुकी है और अगर जल्द मरम्मत नहीं हुई तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित कंपनियों की होगी।
पब्लिक संडक बना बदहाल,अधिकारी बने मौन:जागेश्वर दास
जागेश्वर दास ने संबंधित विभाग से तत्काल सड़क मरम्मत की मांग करते हुए अल्टीमेटम दिया है कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क दुरुस्त नहीं की गई, तो आम जनता के साथ सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
स्थानीय लोगों में इस मुद्दे को लेकर भारी आक्रोश है। सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक कागजों पर विकास होता रहेगा और जमीनी हकीकत यूं ही दम तोड़ती रहेगी? अब देखने वाली बात यह है कि प्रशासन चेतता है या किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार पुनः करता है।
