Birsa Times

दहेज के लिए विवाहिता की संदिग्ध मौत, पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार।

दहेज के लिए विवाहिता की संदिग्ध मौत, पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार।

शिकारीपाड़ा/दुमका

झारखंड-पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र स्थित दलदली गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ 26 वर्षीय महिला नमिता हेम्ब्रम का शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतका के पिता बासु हेम्ब्रम, जो पश्चिम बंगाल के सैंथिया थाना क्षेत्र के निवासी हैं, ने अपने दामाद सरदार मरांडी पर बेटी की सुनियोजित हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। बासु हेम्ब्रम के अनुसार, उनकी बेटी की शादी साल 2023 में आदिवासी रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही उनका दामाद दहेज की मांग को लेकर नमिता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा था।
पीड़ित पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में उल्लेख किया है कि सरदार मरांडी अक्सर नमिता को यह कहकर ताने देता और मारपीट करता था कि उसके पिता काफी अमीर हैं, इसलिए वह मायके जाकर रुपए और कीमती सामान लेकर आए। प्रताड़ना का यह सिलसिला नमिता के डेढ़ साल के बेटे के होने के बावजूद थमा नहीं। घटना वाले दिन दामाद ने बासु हेम्ब्रम को फोन पर सूचना दी कि नमिता की तबीयत बहुत खराब है, लेकिन जब वे आनन-फानन में दलदली गांव पहुंचे, तो उन्होंने अपनी बेटी को मृत अवस्था में पाया। पिता का दावा है कि नमिता के गले पर रस्सी के गहरे निशान थे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है और अब ससुराल पक्ष के लोग इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश कर रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकारीपाड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और केस संख्या 41/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 (2) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने बिना देर किए दलदली गांव में छापेमारी की और आरोपी पति सरदार मरांडी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने पुष्टि की है कि सैंथिया निवासी बासु हेम्ब्रम की शिकायत पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है और गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में पेश करने के बाद जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन तफ्तीश में जुट गई है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *