पालोजोरी (देवघर): पालोजोरी बाजार के नवाडीह मोहल्ले में ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार को दिनदहाड़े दो युवकों ने एक बुजुर्ग महिला को फ्री में गहना साफ करने का लालच देकर उसका सोने का कंगन लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला अपने घर के बरामदे में बैठी थीं। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और खुद को किसी कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए गहना और बर्तन साफ करने का ऑफर देने लगे। उन्होंने महिला को भरोसा दिलाया कि वे कंगन को बिल्कुल नया जैसा चमका देंगे।
बातों में उलझाकर एक युवक ने महिला के हाथ से कंगन निकाल लिया और उसे एक पाउडर वाले पैकेट में डाल दिया। कुछ देर बाद युवकों ने वह पैकेट महिला को वापस करते हुए कहा कि इसे थोड़ी देर बाद खोलें, कंगन पूरी तरह साफ हो जाएगा। इसके बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
जब महिला ने घर के अंदर जाकर पैकेट खोला तो उसमें सोने का कंगन नहीं था, बल्कि लाल रंग की प्लास्टिक की चूड़ियां रखी हुई थीं। यह देखकर महिला के होश उड़ गए। पीड़िता रोते-बिलखते परिजनों को घटना की जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि कंगन का वजन करीब तीन भर (लगभग 36 ग्राम) था, जिसकी बाजार कीमत करीब साढ़े पांच लाख रुपये आंकी जा रही है।
घटना की लिखित शिकायत पालोजोरी थाना में दर्ज कराई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
जेवरात साफ करने के नाम पर सोने का कंगन लेकर फरार
