सात लोकसभा सीटों के लिए कांग्रेस के 70 दावेदार

दिल्ली में सात लोकसभा सीट के लिए कांग्रेस में 70 नेताओं ने दावेदारी पेश की है। इस पर अंतिम मुहर अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी लगाएंगे। प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में प्रस्ताव पारित कर यह निर्णय लिया गया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की चुनाव समिति की बैठक राजीव भवन में हुई। इसकी अध्यक्षता अध्यक्ष शीला दीक्षित ने की। विज्ञापनउन्होंने प्रस्ताव में कहा कि यह बैठक सर्वसम्मति से दिल्ली की सभी लोकसभा की सातों सीटों के उम्मीदवारों का चयन करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अधिकृत करती है। इस प्रस्ताव का समर्थन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने किया और मौजूद सभी सदस्यों ने एकजुट होकर हाथ उठाकर अपना समर्थन दिया। दूसरे प्रस्ताव रख शीला दीक्षित ने कहा कि दिल्ली में लोकसभा चुनाव के घोषित उम्मीदवारों के समर्थन में दिल्ली के कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी लगन और कर्मठता के साथ उन्हें विजयी बनाने के लिए जी जान लगा देंगे।

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि दूसरे प्रस्ताव में अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया कि सातों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे या किसी अन्य पार्टी से गठबंधन होगा। बैठक में कांग्रेस के महासचिव पीसी चाको, सह प्रभारी सचिव कुलजीत सिंह नागर, प्रदेश कांगेस कार्यकारी अध्यक्ष हारुन यूसूफ, देवेंद्र यादव, राजेश लिलोठिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन, पूर्व सांसद जनार्दन द्विवेदी, सुभाष चोपड़ा, जय प्रकाश अग्रवाल, अरविंदर सिंह लवली, पूर्व सांसद रमेश कुमार, परवेज हाश्मी, पूर्व मंत्री मंगत राम सिंघल, प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत गोस्वामी, जितेंद्र कुमार कोचर मुख्य रुप से शामिल थे। बैठक शुरु होने के पहले पुलवामा में शहीद हुए जवानों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। 

Related posts

Leave a Comment