आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो कृष्णा गोस्वामी
देवघर।भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की देवघर जिला परिषद कार्यालय में शनिवार को जिला मंत्री अरविंद यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों तथा देशव्यापी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 1 सितंबर को नई दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ आयोजित होने वाली विशाल रैली में जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाग लेंगे। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह रैली लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, बढ़ते भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनआवाज बुलंद करने का माध्यम बनेगी।
राष्ट्रीय परिषद सदस्य पशुपति कोल ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों, अयोध्या चंदा घोटाले के आरोप तथा नीट परीक्षा जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की बात कही।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 5 अगस्त से 15 अगस्त तक गांव-गांव पदयात्रा निकालकर लोगों से संवाद स्थापित किया जाएगा और पार्टी की नीतियों व जनहित के मुद्दों से उन्हें अवगत कराया जाएगा।
साथ ही आगामी 15 जुलाई को दुमका में प्रमंडलीय स्तर की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि शामिल होकर आंदोलन की रूपरेखा को अंतिम रूप देंगे।
बैठक में जिला मंत्री अरविंद यादव, राष्ट्रीय परिषद सदस्य पशुपति कोल, दीपक कुमार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाकपा की जिला बैठक में आंदोलन की रणनीति तय, भ्रष्टाचार के खिलाफ दिल्ली में होगी विशाल रैली
