चौपारण राजेश सहाय
जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। शनिवार को चौपारण थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने करगा के जंगल में छापेमारी कर करीब 30 एकड़ में लगी अफीम की फसल पूरी तरह नष्ट कर दी। छठे दिन भी जारी रहा विनिष्टीकरण अभियान थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि अफीम विनिष्टीकरण अभियान लगातार छठे दिन भी जारी रहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन अवैध अफीम की खेती को किसी भी सूरत में नहीं बख्शेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अफीम की खेती को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। अवैध खेती करने वालों में मचा हड़कंप प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध अफीम की खेती करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस लगातार उन स्थानों को चिन्हित कर रही है, जहां गुप्त रूप से अफीम उगाई जा रही है। जनता से सहयोग की अपील थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने स्थानीय जनता से अपील की है कि अगर उन्हें कहीं भी अवैध अफीम की खेती होती दिखे, तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने कहा कि यह समाज और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है, जिसे खत्म करना हम सभी की जिम्मेदारी है। अभियान रहेगा जारी चौपारण पुलिस और वन विभाग की यह संयुक्त कार्रवाई आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अफीम उगाने वालों पर कसेगा शिकंजा सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अब अवैध खेती करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में है। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग मिलकर चौपारण को इस अवैध कारोबार से मुक्त कराने के मिशन में जुट गए हैं। देखना होगा कि प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध अफीम की खेती करने वाले अपने कदम पीछे खींचते हैं या नहीं।