आदिवासी एक्सप्रेस। ललित कुमार पाल।
शिकारीपाड़ा/दुमका/ शिकारीपाड़ा के अंचल राजस्व न्यायालय द्वारा पूर्व में जारी किए गए नोटिस के बाद बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह से मुक्त करा दिया है। यह कार्रवाई अंचलाधिकारी की सीधी देखरेख में की गई है, जहां मौके पर भारी संख्या में अंचलकर्मी और पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। प्रशासन ने मौके पर जेसीबी मशीन की सहायता ली और अवैध रूप से किए गए निर्माण व अतिक्रमण को पूरी तरह से ढहा दिया।
गौरतलब है कि यह मामला मौजा-ताराचुआं के अनावादी खाता संख्या-33, दाग नंबर-120 की करीब 03 कट्ठा 13 धुर सरकारी जमीन से जुड़ा हुआ है, जिस पर सोम हेम्ब्रम नामक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण किया गया था। इस मामले में अंचल कार्यालय द्वारा पूर्व में भी कई बार नोटिस जारी कर अतिक्रमण को स्वतः हटाने का निर्देश दिया गया था, लेकिन बार-बार दी गई चेतावनियों और अंतिम मोहलत बीत जाने के बाद भी जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर सख्त कदम उठाया। पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य अतिक्रमणकारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है और अंचलाधिकारी ने साफ संदेश दिया है कि सरकारी जमीनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

