Birsa Times

वेनेजुएला में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,595 हुई

वेनेजुएला में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,595 हुई

काराकस। दक्षिणी अमेरिकी देश वेनेजुएला में बीते दिनाें आए विनाशकारी भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,595 हो गई है, जबकि 12,400 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि जारी सभी आंकड़ों का पूरी तरह सत्यापन किया गया है।

तुर्किए की सरकारी संवाद समिति अनाडाेलू और अन्य मीडिया रिपाेर्ट के अनुसार कार्यवाहक राष्ट्रपति ने बताया कि विस्तृत जांच प्रक्रिया के बाद मृतकों और घायलों के आंकड़े अपडेट किए गए हैं। शुरुआती सूची में मृत घोषित किए गए पांच लोग बाद में जीवित पाए गए, जिनकी पहचान वेनेजुएला के फिंगरप्रिंट-आधारित सब्सिडी वाले ईंधन सिस्टम के जरिए पुष्टि की गई। उन्होंने कहा, “हम ऐसे आंकड़े जारी नहीं करना चाहते जिनकी पूरी तरह पुष्टि न हुई हो।”

वेनेजुएला में 24 जून को 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंप के दो झटकों से राजधानी काराकस और सबसे अधिक प्रभावित तटीय राज्य ला गुएरा में भारी तबाही हुई। कई इमारतें ढह गईं और सिमोन बोलिवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ।

सरकार के अनुसार भूकंप से कम से कम 855 इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं और लगभग 12,800 लोग बेघर हो गए। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी (यूएनएचसीआर) के मुताबिक करीब 16,000 लोग विस्थापित हुए हैं। वहीं, एक अनौपचारिक सूची में अब भी हजारों लोगों के लापता होने की आशंका जताई गई है।

सरकार ने पुनर्निर्माण कार्यों के लिए शुरुआती तौर पर 20 करोड़ डॉलर आवंटित किए हैं। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय सहायता जुटाने के लिए सीएएफ-लैटिन अमेरिका एवं कैरिबियन विकास बैंक में एक विशेष खाता खोला गया है। सरकार पुनर्निर्माण के लिए अमेरिकी विदेश विभाग, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष, विश्व बैंक और इंटर-अमेरिकन डेवलपमेंट बैंक के साथ भी बातचीत कर रही है।

रोड्रिगेज ने बताया कि इज़राइल के विशेषज्ञों की एक टीम क्षतिग्रस्त इमारतों का आकलन करने और पुनर्निर्माण कार्यों में सहयोग के लिए वेनेजुएला पहुंचेगी। संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम के प्रारंभिक आकलन के अनुसार घरों, व्यवसायों और अन्य संपत्तियों को लगभग 6.7 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है।

इस बीच अमेरिका ने राहत एवं बचाव अभियान के तहत चार सर्च-एंड-रेस्क्यू टीमें और सैकड़ों कर्मियों को क्षेत्र में तैनात किया है तथा 15 करोड़ डॉलर की मानवीय सहायता देने का वादा किया है। ब्राज़ील, मैक्सिको, कनाडा, क्यूबा और स्विट्ज़रलैंड सहित कई देशों ने भी संयुक्त राष्ट्र के समन्वय में सहायता की पेशकश की है।

रोड्रिगेज ने सरकार पर राहत कार्यों में देरी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भूकंप के कुछ घंटों के भीतर ही राष्ट्रीय आपातकालीन और नागरिक सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए थे तथा बचाव अभियान अभी भी जारी है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *