कामेश्वर साह की रिपोर्ट
-छोटा भाई गंभीर घायल, पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को लिया हिरासत में
बांका जिले के फुल्लीडुमर प्रखंड अंतर्गत तेलिया पहाड़ पंचायत के नगरडीह–तेलिया मोड़ मुख्य मार्ग पर गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुट्टी काटने वाला थ्रेसर लगा एक मिनी ट्रैक्टर जब सोभनी पोखर नौगांय के पास से गुजर रहा था, तभी 10 वर्षीय लवकुश कुमार और उसका 7 वर्षीय भाई आकाश कुमार सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान दोनों बच्चे अचानक सड़क पर गिर पड़े।
बच्चों को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया और लवकुश कुमार उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका छोटा भाई आकाश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुल्लीडुमर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही फुल्लीडुमर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक और वाहन मालिक को हिरासत में ले लिया है तथा ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार चालक की पहचान कुमारपुर गांव के पंकज दास के रूप में हुई है। मृतक की मां आंगनवाड़ी सहायिका है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
