मांडर। थाना क्षेत्र के करगे हुहु टोली में रविवार को डोभा में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों की पहचान करगे हुहु टोली निवासी अंश महली (6 वर्ष), पिता पवन महली तथा अंजी महली (6 वर्ष), पिता गणेश महली के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों बच्चे आपस में ममेरे एवं फुफेरे भाई थे।
जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे घर से आम तोड़ने की बात कहकर निकले थे। इसी दौरान वे गांव के समीप स्थित एक डोभा में नहाने चले गए। नहाने के क्रम में दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों को डोभा में बच्चों के डूबे होने की सूचना मिली।
ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मांडर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने बच्चों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रशासन से जलाशयों एवं डोभाओं के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
