आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज
अजय कुमार कुशवाहा
बरहरवा, रेलवे मार्ग के जरिए की जा रही अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की अपराध शाखा सीआईबी/मालदा को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने ट्रेन संख्या 09034 उदना स्पेशल फेयर समर एक्सप्रेस में छापेमारी कर 36.690 लीटर विदेशी शराब बरामद की तथा तस्करी में संलिप्त चार युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 29,620 रुपये बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेलवे में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए आरपीएफ एवं सीआईबी की ओर से विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीआईबी/मालदा की टीम ट्रेन में नियमित जांच और संदिग्ध यात्रियों पर नजर रख रही थी। जांच के दौरान बरहरवा स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद कोच संख्या एस-7 में चार युवक भारी बैग लेकर यात्रा करते हुए संदिग्ध प्रतीत हुए। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों को रोककर पूछताछ की और उनके सामान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बैगों से विभिन्न ब्रांडों की कुल 36.690 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शराब को बिहार के जमालपुर क्षेत्र में ले जाकर अवैध रूप से बेचने की योजना बना रहे थे। जांच में यह भी पता चला कि सभी आरोपी संगठित तरीके से शराब की ढुलाई कर रहे थे और इससे आर्थिक लाभ अर्जित करना चाहते थे।
कार्रवाई के बाद सीआईबी/मालदा की टीम ने बरामद शराब एवं अन्य संबंधित सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया तथा चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों और जब्त सामग्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरपीएफ पोस्ट साहिबगंज को सौंप दिया गया।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे मार्ग का उपयोग कर अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। सीआईबी/मालदा की इस कार्रवाई से रेलवे के माध्यम से की जा रही शराब तस्करी की एक बड़ी कोशिश नाकाम हुई है।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से भी अपील की है कि ट्रेन या स्टेशन परिसर में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल को दें, ताकि रेलवे परिसर को सुरक्षित एवं अपराधमुक्त बनाए रखा जा सके।
