Birsa Times

हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में जमशेदपुर बंद, सड़क पर उतरे सरयू राय और भाजपा कार्यकर्ता

हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में जमशेदपुर बंद, सड़क पर उतरे सरयू राय और भाजपा कार्यकर्ता

पूर्वी सिंहभूम। करनी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या और जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को एनडीए के आह्वान पर आयोजित जमशेदपुर बंद का शहरभर में व्यापक असर देखने को मिला। सुबह से ही जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय अपने समर्थकों के साथ विभिन्न इलाकों में पहुंचे और लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की। भाजपा और एनडीए के कार्यकर्ता भी झंडा-डंडा लेकर सड़कों पर उतरे और कई प्रमुख बाजारों में बंद का समर्थन जुटाया।

बंद के दौरान साकची, बिष्टुपुर, मानगो, जुगसलाई, गोलमुरी, कदमा सहित कई व्यावसायिक क्षेत्रों में दुकानें बंद रहीं। सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही दिखाई दी। कई स्थानों पर बंद समर्थकों ने वाहनों को रोककर उनके टायरों की हवा निकाल दी, जबकि कुछ जगहों पर टेंपो चालकों को वापस लौटने के लिए कहा गया। पुलिस की मौजूदगी में बंद शांतिपूर्ण बनाए रखने के प्रयास भी किए गए।

विधायक सरयू राय ने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का गंभीर संकेत है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही हत्या, लूट, गोलीबारी और हमले जैसी घटनाओं के कारण आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उनका कहना था कि यदि अपराधियों के खिलाफ समय पर सख्त कार्रवाई की जाती तो ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होती।

सरयू राय ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तत्कालीन जमशेदपुर एसएसपी और सरायकेला-खरसावां एसपी का तबादला इस बात का संकेत है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में गंभीर चूक हुई है। उन्होंने नए पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई करते हुए अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने तथा शहर में कानून का राज स्थापित करने की अपेक्षा जताई।

बंद के दौरान भाजपा और एनडीए कार्यकर्ताओं ने साकची गोलचक्कर, बिष्टुपुर, मानगो चौक, जुगसलाई और गोलमुरी समेत कई इलाकों में जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों से स्वेच्छा से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हिमांशु सिंह के हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी सजा देने की मांग उठाई गई।

इसी बीच भाजपा के पूर्व नेता एवं जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके विकास सिंह को पुलिस ने उनके आवास से बंद में शामिल होने के लिए निकलते समय एहतियातन हिरासत में ले लिया। विकास सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय विरोध प्रदर्शन करने वालों को रोकने में लगी है।

बंद को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। शहर के संवेदनशील इलाकों, चौक-चौराहों और प्रमुख बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तथा दंडाधिकारियों की तैनाती की गई। कुछ बंद समर्थकों को एहतियातन हिरासत में भी लिया गया। हालांकि बंद के दौरान अस्पताल, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा। प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *