Birsa Times

प्रतिमा देवी ने कांग्रेस का दामन थामा, के. राजू बोले- मनिका में संगठन को मिलेगी नई मजबूती

प्रतिमा देवी ने कांग्रेस का दामन थामा, के. राजू बोले- मनिका में संगठन को मिलेगी नई मजबूती

लातेहार। लातेहार जिले के मनिका प्रखंड की प्रमुख प्रतिमा देवी ने शुक्रवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और कांग्रेस परिवार में स्वागत किया। इस मौके पर के. राजू ने कहा कि कांग्रेस की जनहित की नीतियों, संविधान की रक्षा और सामाजिक न्याय की सोच से प्रभावित होकर लगातार दूसरे दलों और सामाजिक संगठनों के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिमा देवी के कांग्रेस में आने से लातेहार जिले, खासकर मनिका विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूती मिलेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर विकास और भाईचारे की राजनीति में विश्वास करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज को बांटकर राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सद्भाव के मुद्दों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा हमेशा गरीब, मजदूर, किसान और वंचित वर्गों के हित में रही है और पार्टी इसी रास्ते पर आगे बढ़ रही है।

सदस्यता लेने के बाद प्रतिमा देवी ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा और जनसेवा के उद्देश्य से प्रेरित होकर पार्टी का दामन थामा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पूरी निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत करेंगी और पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम करेंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है और समाज में समानता लाने का काम करती है।

कार्यक्रम में विधायक रामचंद्र सिंह, लातेहार जिला कांग्रेस प्रभारी भीम कुमार, निरंजन पासवान, जिला अध्यक्ष कामेश्वर यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। प्रतिमा देवी के कांग्रेस में शामिल होने को लातेहार जिले की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। मनिका विधानसभा क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है और उनके आने से कांग्रेस को आगामी चुनावों में मजबूती मिलने की उम्मीद है। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह जनता का कांग्रेस पर बढ़ता विश्वास दर्शाता है और आने वाले दिनों में और भी लोग पार्टी से जुड़ेंगे। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन से कांग्रेस नेतृत्व में उत्साह देखा गया और संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प को दोहराया गया।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *