-नव-निर्मित मकान में चल रहा था धंधा, पुलिस की छापेमारी में रंगेहाथ पकड़े गए
देवघर। जिले में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का अभियान तेज हो गया है। इसी कड़ी में रिखिया थाना पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते दो युवकों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 3.35 ग्राम ब्राउन शुगर और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
30 जून को रिखिया थाना अंतर्गत जरुआडीह स्थित एक नव-निर्मित मकान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर डीएसपी (मुख्यालय) चंद्रशेखर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
छापेमारी में रंगेहाथ पकड़े गए आरोपी
विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने पवन कुमार (20 वर्ष) और सोनू कुमार महथा (19 वर्ष) को रंगेहाथ दबोच लिया। दोनों आरोपी रिखिया थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान पुलिस को उनके पास से पुड़िया में रखा 3.35 ग्राम ब्राउन शुगर और दो मोबाइल फोन मिले।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मोबाइल फोन की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है। इस कार्रवाई में डीएसपी (मुख्यालय) चंद्रशेखर, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।
