Birsa Times

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन 6-7 जुलाई को जम्मू-कश्मीर दौरे पर, संगठन और राजनीतिक हालात की करेंगे समीक्षा

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन 6-7 जुलाई को जम्मू-कश्मीर दौरे पर, संगठन और राजनीतिक हालात की करेंगे समीक्षा

जम्मू: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 6 और 7 जुलाई को दो दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला जम्मू-कश्मीर दौरा होगा, जिसे संगठनात्मक और राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान वह पार्टी नेताओं, विधायकों और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन 6 जुलाई को जम्मू पहुंचेंगे। अपने दौरे की शुरुआत वह भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर करेंगे। इस अवसर पर वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे और कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती तथा आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर मार्गदर्शन देंगे।

दौरे के दौरान भाजपा अध्यक्ष वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक करेंगे। इन बैठकों में जम्मू-कश्मीर की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की जाएगी और कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर मिल रहे फीडबैक पर विचार किया जाएगा।

भाजपा नेतृत्व जम्मू-कश्मीर में संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनता के बीच केंद्र सरकार की योजनाओं की पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर देगा। बैठक में कार्यकर्ताओं से विभिन्न योजनाओं के प्रभाव और स्थानीय मुद्दों पर भी सुझाव लिए जाएंगे।

सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान उधमपुर का भी दौरा कर सकते हैं। वहां भी वे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। हालांकि, उधमपुर दौरे के विस्तृत कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा जम्मू-कश्मीर में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *