पूर्वी सिंहभूम। कोवाली थाना क्षेत्र के पोटाडेही गांव में 17 वर्षीय छात्रा सोमवारी पुराण की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। छात्रा का शव रविवार को गांव में एक पेड़ से लटका मिला था। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मौत को लेकर कई सवाल उठाते हुए सोमवार को प्रदर्शन किया और पूरे मामले की निष्पक्ष व गहन जांच की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने उठाए कई सवाल
- ग्रामीणों ने छात्रा की मौत को केवल आत्महत्या मानकर जांच सीमित नहीं करने की मांग की।
- प्रदर्शनकारियों ने हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण की आशंका को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की जांच की मांग की।
- ग्रामीणों के अनुसार घटनास्थल के पास से एक पत्र मिलने की बात सामने आई है, जिसमें ‘सोनू’ नाम के युवक का जिक्र होने का दावा किया जा रहा है।
- हालांकि, पत्र में लिखी बातों और उसकी वास्तविकता की पुलिस स्तर से आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
- ग्रामीणों ने पुलिस से उक्त युवक की भूमिका की भी जांच करने की मांग की है।
- छात्रा के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, मैसेज और अन्य गतिविधियों की तकनीकी जांच कराने की मांग उठी है।
- ग्रामीणों का कहना है कि मोबाइल जांच से घटना से पहले छात्रा के संपर्क में रहे लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
- यह भी पता लगाने की मांग की गई कि घटना वाली रात छात्रा से किसने संपर्क किया था और क्या उसे किसी ने घर से बाहर बुलाया था।
- प्रदर्शनकारियों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्य, पत्र और मोबाइल फोन को जांच का हिस्सा बनाने की मांग की।
दोषी मिलने पर कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने कहा कि यदि जांच के दौरान किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच शुरू कर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में ग्राम प्रधान गोपाल पुराण, स्थानीय युवक सुजीत पुराण, सोमवारी की मां अनीता पुराण, पंचायत की मुखिया दुखनी माई सरदार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
