Skip to main content

Birsa Times

डिमना लेक में युवक की डूबने से मौत, तीन घंटे बाद मिला शव

डिमना लेक में युवक की डूबने से मौत, तीन घंटे बाद मिला शव

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक में शुक्रवार सुबह नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनारी थाना क्षेत्र के कागलनगर निवासी पियूष कुमार सिंह के रूप में हुई है। रेस्क्यू टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव झील से बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार पियूष अपने छोटे भाई के साथ डिमना लेक घूमने गया था। दोनों भाइयों ने पहले झील किनारे तस्वीरें खिंचवाईं और इसके बाद नहाने के लिए पानी में उतर गए। स्नान के दौरान पियूष अनजाने में झील के गहरे हिस्से में पहुंच गया और डूबने लगा। छोटे भाई तथा आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद रेस्क्यू टीम और गोताखोर मौके पर पहुंचे तथा युवक की तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे तक चले अभियान के बाद गोताखोरों ने पियूष का शव पानी से बाहर निकाला।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन डिमना लेक पहुंच गए। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान तथा घटना की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

इस घटना के बाद डिमना लेक में सुरक्षा व्यवस्था और गहरे पानी में स्नान करने के जोखिम को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि वे निर्धारित सुरक्षित क्षेत्रों में ही रहें, गहरे पानी में न उतरें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *