Skip to main content

Birsa Times

श्रावणी मेला 2026: देवघर बाबा मंदिर में वीआईपी कल्चर पर रोक, रविवार और सोमवार को बंद रहेगा शीघ्रदर्शनम

श्रावणी मेला 2026: देवघर बाबा मंदिर में वीआईपी कल्चर पर रोक, रविवार और सोमवार को बंद रहेगा शीघ्रदर्शनम

देवघर। विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में होने वाले श्रावणी मेला 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले के सुचारू और व्यवस्थित संचालन को लेकर बुधवार को मंदिर प्रशासनिक भवन में जिला प्रशासन और तीर्थ पुरोहित समाज के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, मंदिर व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सौरभ भुवानिया और पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष डॉ. सुरेश भारद्वाज ने की। इस दौरान पुरोहित समाज के सुझावों पर निर्णय लिया गया कि इस बार श्रावणी मेले के दौरान रविवार और सोमवार को शीघ्रदर्शनम कूपन की व्यवस्था पूरी तरह बंद रहेगी। इसके अलावा वीआईपी, वीवीआईपी और आउट ऑफ टर्न पूजा की कोई व्यवस्था नहीं होगी।

उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सभी श्रद्धालुओं को बेहतर, सुरक्षित और सुगम जलार्पण की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। रविवार और सोमवार को छोड़कर अन्य दिनों में रात आठ बजे तक जलार्पण की व्यवस्था जारी रहेगी।

बैठक में तीर्थ पुरोहितों ने वर्षभर मंदिर परिसर में लगने वाली भीड़, कूपन व्यवस्था की खामियां, प्रोटोकॉल के नाम पर होने वाले अनधिकृत प्रवेश, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात, सुरक्षा, साफ-सफाई और बाबा मंदिर के पट खुलने एवं बंद होने के निर्धारित समय जैसे विषयों को उठाया।

जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी और नगर आयुक्त ने सभी मुद्दों पर अपनी बात रखी और श्रावणी मेले को लेकर तैयार किए गए रोडमैप की जानकारी दी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, धार्मिक परंपराओं की मर्यादा और सुरक्षा व्यवस्था के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाएगा।

पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष डॉ. सुरेश भारद्वाज ने कहा कि ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ तीर्थ पुरोहितों को भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने प्रशासन से सभी व्यवस्थाओं में सहयोग और समन्वय बनाए रखने की अपील की।

वहीं, बाबा मंदिर प्रभारी सह एसडीएम रवि कुमार ने कहा कि तीर्थ पुरोहितों के अधिकारों का किसी भी स्थिति में हनन नहीं होगा। उन्होंने बताया कि नया ओवरब्रिज तीन दिनों में पूरा हो जाएगा और श्रावणी मेला शुरू होने से पहले इसे श्रद्धालुओं के लिए चालू कर दिया जाएगा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *