Skip to main content

Birsa Times

हसपुरा थाना अंतर्गत 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई,

हसपुरा थाना अंतर्गत 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई,

पुलिस जांच में जुट गई।

रिपोर्ट – प्रमोद कुमार सिंह

हसपुरा (औरंगाबाद) :- हसपुरा प्रखण्ड अंतर्गत टाल गांव में 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, शव का अंतिम संस्कार किए जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई , मृतका की पहचान टाल गांव निवासी संतोष राम की पत्नी कोमल कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि कोमल कुमारी का विवाह वर्ष 2017 में संतोष राम के साथ हुआ था। दंपति की चार पुत्रियां हैं। घटना के बाद चारों बच्चियों के सिर से मां का साया उठ जाने से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतका के भाई गुपेश्वर राम, निवासी पेमा गांव (गोह थाना क्षेत्र), के फर्दबयान पर हसपुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी में पति संतोष राम, सास, ससुर, देवर समेत अन्य परिजनों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
मायके पक्ष का आरोप है कि संतोष राम का अपनी ममेरी साली के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। परिजनों का कहना है कि कोमल कुमारी इसका विरोध करती थी, जिसके कारण उसके साथ मारपीट की जाती थी। उन्होंने दावा किया कि इसी मामले में संतोष राम वर्ष 2024 में जेल भी जा चुका है।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कोमल कुमारी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। इसके बाद मामले को दबाने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव का जल्दबाजी में गांव के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष में आक्रोश फैल गया और उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
हसपुरा थाना पुलिस ने बताया कि मृतका के भाई के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में लगाए गए आरोप गंभीर हैं और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ संबंधित लोगों से पूछताछ भी कर रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद टाल गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, मृतका के मायके वालों का कहना है कि कोमल कुमारी की मौत सामान्य नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *