Birsa Times

चतरा पुलिस को मिली बड़ी सफलता: गैंगस्टर प्रिंस खान के दो गुर्गे बिहार से गिरफ्तार

चतरा पुलिस को मिली बड़ी सफलता: गैंगस्टर प्रिंस खान के दो गुर्गे बिहार से गिरफ्तार

-लोजपा नेता व पत्थर व्यवसायी से रंगदारी मांगने के मामले में बड़ी कार्रवाई

मोबाइल से मिले व्हाट्सएप चैट, कॉल और आर्थिक लेन-देन के साक्ष्य, विदेश में प्रिंस खान तक पैसा पहुंचाने का आरोप
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार
चतरा :
चतरा पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके दो कथित गुर्गों को बिहार से गिरफ्तार किया है। दोनों पर हंटरगंज प्रखंड के पिंडरा निवासी लोजपा नेता एवं पत्थर व्यवसायी प्रेमचंद उर्फ प्रेम सिंह से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में संलिप्त होने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी गैंगस्टर प्रिंस खान के आर्थिक नेटवर्क को संचालित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे और विदेश में बैठे प्रिंस खान तक हवाला के माध्यम से पैसे पहुंचाने का काम करते थे। चतरा पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी के बाद टीम ने बिहार के भोजपुर जिले के गिद्दा थाना क्षेत्र अंतर्गत कायम नगर मटवारी निवासी मोहम्मद असफाक आलम और सद्दाब अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन जब्त किए, जिनकी जांच में कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मोबाइल से प्रिंस खान के सहयोगियों और शूटरों के बीच आर्थिक लेन-देन के प्रमाण मिले हैं। इसके अलावा व्हाट्सएप कॉल, चैट और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड भी बरामद हुए हैं, जिनसे गैंग के नेटवर्क और गतिविधियों के बारे में अहम जानकारियां मिली हैं।पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी गैंग के विस्तार और उसके प्रभाव को बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि ये लोग विदेश में बैठे गैंगस्टर प्रिंस खान तक पैसे पहुंचाने के नेटवर्क से जुड़े थे। पुलिस अब इस पूरे आर्थिक तंत्र और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उनके खिलाफ पूर्व से भी कई मामले दर्ज हैं। मामले में अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और गैंग के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी है।इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन, पुलिस इंस्पेक्टर विपिन कुमार, हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार, प्रतापपुर थाना प्रभारी अलोक रंजन, सब इंस्पेक्टर नितेश कुमार प्रसाद, टेक्निकल सेल की टीम एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध, रंगदारी और अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था कायम रहे और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हो।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *