Birsa Times

जंगल में छिपाकर रखा गया करीब सौ टन अवैध कोयला जब्त

जंगल में छिपाकर रखा गया करीब सौ टन अवैध कोयला जब्त

बालूमाथ। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को बालूमाथ थाना पुलिस,सीसीएल मगध परियोजना एवं सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के भालूवाही गांव जाने वाली सड़क के किनारे जंगल में अवैध रूप से भंडारित करीब 95 से सौ टन कोयला जब्त किया। इस कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि भालूवाही मार्ग के समीप जंगल में अवैध कोयला जमा कर रखा गया है, जिसे अवसर मिलते ही तस्करी के लिए बाहर भेजने की तैयारी थी। सूचना के सत्यापन के बाद तत्काल संयुक्त छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया, जहां जंगल में अलग अलग स्थानों पर भारी मात्रा में कोयला भंडारित पाया गया। संयुक्त टीम ने मौके से लगभग 95 से सौ टन अवैध कोयला जब्त कर उसे अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि जब्त किए गए कोयले को सुरक्षित रखने एवं आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध कोयले के भंडारण में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि कोयला कहां से लाया गया तथा इसे किन लोगों द्वारा तस्करी के उद्देश्य से जमा किया गया था। संयुक्त छापेमारी अभियान में बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार, अमरवाडीह पुलिस पिकेट प्रभारी अनुभव सिन्हा,सीसीएल मगध परियोजना के सुरक्षा प्रभारी, सीआईएसएफ के अधिकारी एवं सुरक्षाकर्मी सहित पुलिस बल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कोयला कारोबार के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा और इस धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *