-बोकारो की थीं छात्रा, चंदवे गांव में किराये पर रहकर, कर रही थीं पढ़ाई
संवाददाता/राँची/इरफान अंसारी/दिव्य दिनकर न्यूज
राँची। राजधानी राँची के पिठौरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदवे गांव में किराये के मकान में रह कर पढ़ाई कर रही 23 वर्षीय युवती निशा कुमारी ने कथित रूप से फांसी लगाकर शुक्रवार को आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पिठौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राँची भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। मृतका की पहचान निशा कुमारी (23 वर्ष), पिता– सूरज चौहान, निवासी थाना गोमिया, जिला बोकारो के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पिठौरिया थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रह रही थी। परिजनों का आरोप है कि निशा का पिछले करीब चार वर्षों से एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बीच युवक की शादी कहीं और तय होने की जानकारी मिलने पर निशा युवक के घर पहुंची और उसके परिवार वालों से बातचीत करने का प्रयास किया। परिजनों के अनुसार, वहां उसके साथ मारपीट एवं अभद्र व्यवहार किया गया, जिसके बाद उसे वापस राँची भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद निशा मानसिक रूप से काफी परेशान थी। राँची लौटने के बाद वह अपने कमरे में पहुंची, जहां उसने कथित रूप से फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कमरे की तलाशी के दौरान परिजनों ने एक सुसाइड नोट मिलने का दावा किया है। यह सुसाइड नोट पुलिस के कब्जे में है और इसकी जांच की जा रही है। पिठौरिया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सुसाइड नोट सहित अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रेम प्रसंग में तनाव के बीच 23 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या, कमरे से मिला सुसाइड नोट
