आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता
बिश्रामपुर,पलामू। देश में सुरक्षित और आरामदायक रेल यात्रा के दावों के बीच गरीब रथ एक्सप्रेस के एसी कोच में एक महिला को कथित सर्पदंश की आशंका का मामला सामने आया है।घटना के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई और रेलवे की सुरक्षा व कोचों के रखरखाव पर सवाल उठने लगे हैं।जानकारी के अनुसार,शहर थाना क्षेत्र के बैरिया निवासी रिमझिम सिंह तीन जुलाई की रात डाल्टनगंज से नई दिल्ली जाने के लिए गरीब रथ एक्सप्रेस की जी-12 बोगी में सवार हुई थीं।ट्रेन खुलने के करीब 15 मिनट बाद उन्हें तेज पसीना आने लगा, घबराहट हुई और पैर में असहनीय दर्द महसूस हुआ।रिमझिम सिंह ने अपने पैर पर बने दो दांत जैसे निशान की तस्वीर अपने भाई को भेजी। तस्वीर देखने के बाद डॉक्टर ने सर्पदंश की आशंका जताई। इसके बाद उन्होंने तत्काल रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी।सूचना मिलते ही रेलवे के डॉक्टर और टीटीई ने जांच की।प्राथमिक जांच में डॉक्टर ने भी सर्पदंश की आशंका व्यक्त की। इसके बाद गढ़वा रोड जंक्शन पर महिला और उनके बच्चों को ट्रेन से उतारकर सदर अस्पताल पहुंचाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।घटना के बाद यात्रियों में भय का माहौल है।लोगों का कहना है कि यदि वातानुकूलित एसी कोच तक जहरीले जीव पहुंच सकते हैं, तो यात्रियों की सुरक्षा और कोचों की नियमित जांच व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठना स्वाभाविक है।हालांकि,अभी तक रेलवे की ओर से यह आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि महिला को वास्तव में सांप ने ही काटा था। मामले की जांच जारी है।
गरीब रथ एक्सप्रेस के एसी कोच में महिला को सर्पदंश की आशंका, मचा हड़कंप
