Birsa Times

कोर्ट जा रही महिला पर समधी का जानलेवा हमला, आंख में झोंकी मिर्च, ब्लेड से काटा हाथ

कोर्ट जा रही महिला पर समधी का जानलेवा हमला, आंख में झोंकी मिर्च, ब्लेड से काटा हाथ

कागजात, नगदी और कान की बाली लूटकर फरार हुए आरोपी, पारिवारिक विवाद को माना जा रहा वजह
आदिवासी एक्सप्रेस प्रिंस मिश्रा
पतना।
साहिबगंज जिले के पतना प्रखंड के रांगा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। राजमहल कोर्ट जा रही 40 वर्षीय अकलिमा बीबी पर उसके समधी और उसके सहयोगी ने कथित रूप से हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने पहले महिला की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया, फिर ब्लेड से उसके हाथ पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद महिला के पास मौजूद महत्वपूर्ण कागजात, नगदी और कान की बाली लूटकर मौके से फरार हो गए।

घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे रांगा थाना क्षेत्र के कुम्हारिया गांव के समीप हुई। घायल महिला बरहरवा थाना क्षेत्र के शुक्रवासिनी की रहने वाली है और टोटो से राजमहल कोर्ट जा रही थी।

टोटो रुकवाकर खेत में ले जाकर की मारपीट
घायल अकलिमा बीबी ने बताया कि वह न्यायालय में पेशी के लिए टोटो से राजमहल जा रही थी। इसी दौरान कुम्हारिया के पास बाइक पर सवार राधानगर थाना क्षेत्र के मुमताज टोला निवासी उसके समधी एजाबुल शेख तथा अब्दुल शेख ने टोटो को रुकवा लिया। दोनों ने टोटो चालक को धमकाकर वहां से भगा दिया और उसे जबरन पास के खेत की झाड़ियों में ले गए।

महिला का आरोप है कि वहां दोनों ने उसके साथ मारपीट की, आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया तथा ब्लेड से उसके बाएं हाथ पर वार कर घायल कर दिया। इसके बाद उसके थैले में रखे न्यायालय संबंधी आवश्यक कागजात, नगदी और कान की बाली छीनकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, अस्पताल में कराया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही रांगा थाना के एएसआई परमजीत राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल महिला को तत्काल बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर इलाज के लिए भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर महिला का पुत्र सफाउल शेख भी अस्पताल पहुंचा और अपनी मां का हालचाल जाना। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

पारिवारिक विवाद से जुड़ा है मामला
घायल महिला के पुत्र सफाउल शेख ने बताया कि लगभग छह वर्ष पूर्व उसकी शादी एजाबुल शेख की बेटी से हुई थी, जिससे उनके तीन बच्चे हैं। लंबे समय से दोनों परिवारों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *