आदिवासी एक्सप्रेस प्रिंस मिश्रा, पतना
पतना प्रखंड के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान तेज गति से संचालित किया जा रहा है। 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के बीएलए-2 (BLA-2) तथा बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) संयुक्त रूप से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अभियान के दौरान मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने के साथ-साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रपत्र जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार को पतना प्रखंड के बूथ संख्या-223,224 दिग्घी में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान घर-घर संपर्क कर मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया, इसके महत्व तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही पात्र मतदाताओं से अपील की गई कि वे समय रहते अपने प्रपत्र एवं आवश्यक अभिलेख जमा कर मतदाता सूची में अपना नाम सही एवं अद्यतन सुनिश्चित करें।
अभियान के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बताया कि मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, सटीक एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से यह विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने, त्रुटियों का सुधार करने तथा आवश्यक संशोधन से संबंधित कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर बीएलए अशोक कुमार मंडल, बीएलओ पोलिना मरांडी तथा मतदाता बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मतदाताओं से अभियान में सक्रिय सहयोग करने और निर्धारित अवधि के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
