देवघर : पालोजोरी थाना क्षेत्र के जिवनाबांध पंचायत में शुक्रवार शाम एक 45 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कचुवासोली पंचायत के दलदली गांव निवासी मालामती मरांडी (45) के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय लखीश्वर हेंब्रम की पत्नी थीं।
सुबह घर से निकली थीं महिला
परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मालामती मरांडी शुक्रवार सुबह लगभग नौ बजे अपने घर से निकली थीं। दोपहर से ही वे जिवनाबांध क्षेत्र में अचेत अवस्था में पड़ी थीं। शाम करीब साढ़े चार बजे जब लोगों की नजर उन पर पड़ी, तो स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना उनके परिजनों और पालोजोरी थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पालोजोरी पुलिस निरीक्षक सुकांत त्रिपाठी और थाना प्रभारी संजय कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने प्रारंभिक जांच के आधार पर महिला की मृत्यु का संभावित कारण हार्ट अटैक बताया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतका अपने पीछे तीन पुत्र और तीन पुत्रियों को छोड़ गई हैं। मां के निधन की खबर मिलते ही उनकी बड़ी पुत्री और अन्य परिजन बदहवास होकर घटनास्थल पर पहुंचे। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पालोजोरी: जिवनाबांध में महिला का शव मिला, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
