-पुराना आपराधिक रिकार्ड भी सामने आया
पाकुड़: पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के सिंधीपाड़ा में बीते तीन दिन पहले दो बंद घरों में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर गठित एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक थाना क्षेत्र से एक अंतर्राज्यीय गिरोह के 4 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी ने यह जानकारी दी। दरअसल सिंधीपाड़ा में चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, बर्तन और नकदी चोरी की थी। इस संबंध में नगर थाना में कांड संख्या 159/2026 और 160/2026 दर्ज किया गया था। चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए महज एक हफ्ते के भीतर चारों आरोपियों को दबोच लिया।पकड़े गए अपराधियों में जायदुल शेख उर्फ लठ्ठो शेख (35 वर्ष), शरीफ शेख उर्फ मिट्ठू शेख (32 वर्ष), इशा शेख उर्फ मो. इशा शेख (28 वर्ष) और रोयस मिर्जा (38 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी मालदा जिला (पश्चिम बंगाल) के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, रोयस मिर्जा पर पहले से आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और चोरी के 9 मामले, शरीफ शेख पर डकैती व चोरी के 9 मामले और जायदुल शेख पर अलग-अलग थानों में 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।पूछताछ में आरोपियों ने नगर थाना क्षेत्र में पहले हुई कई चोरियों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 7.06 ग्राम गला हुआ सोना, 97.620 ग्राम गली हुई चांदी, एक काले रंग की यामाहा R15 मोटरसाइकिल (WB65G6370), चार्जर सहित एक डेल लैपटॉप, कांसा के बर्तन (4 थाली, 2 जग, 2 कटोरे, 1 लोटा, 1 ग्लास, 1 चम्मच) और चोरी किए गए पुराने नोट व सिक्के बरामद किए हैं। इसके अलावा अपराध में इस्तेमाल किए गए 2 गमछे, हरा बेडशीट, 3 पेचकस, 1 सब्बल और 1 सलाई रेंच भी बरामद हुआ है।सफलतापूर्वक कार्रवाई करने वाली इस टीम में एसडीपीओ कुमार गौरव, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, तकनीकी शाखा के सुकदेव साहा और सब-इनस्पेक्टर सन्नी सुप्रभात, अभिषेक कुमार, मिथुन रजक, अरविंद कुमार राय, विकर्ण कुमार, दिनेश प्रसाद सिंह व नगर थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
मालदा के कलीयाचक गैंग ने पाकुड़ के सिंधीपाड़ा में की थी बड़ी चोरी, SIT ने किया खेल खत्म सोना-चांदी और बाइक बरामद, चार गिरफतार
