पटना। बिहार को आधुनिक और सुव्यवस्थित शहरी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए नीतीश-सम्राट सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। शुक्रवार को पटना स्थित संकल्प सभागार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति में बिहार के नगर विकास एवं आवास विभाग और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) के बीच एक लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण (लोन) संबंधी समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस महायोजना के तहत बिहार में 12 अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएंगी, जो राज्य के शहरी विकास के इतिहास में मील का पत्थर साबित होंगी।
3 लाख एकड़ में विकास, लैंड पुलिंग मॉडल से जुड़ेंगे किसान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि ये प्रस्तावित 12 सैटेलाइट टाउनशिप लगभग तीन लाख एकड़ से अधिक की विशाल भूमि पर विकसित की जाएंगी। खास बात यह है कि इस महापरियोजना में किसानों की पूरी हिस्सेदारी होगी और इसके लिए ‘लैंड पुलिंग मॉडल’ अपनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने किसानों को भरोसा देते हुए कहा कि जिन भी किसानों की भूमि अधिग्रहण या मुआवजे की प्रक्रिया पूरी होगी, उन्हें आवेदन करने के महज 30 दिनों के भीतर उनके बैंक खातों में भुगतान सुनिश्चित कर दिया जाएगा।
7 लाख करोड़ के महा-निवेश से खुलेंगे रोजगार के दरवाजे
बिहार सरकार इस योजना में हुडको (HUDCO) के माध्यम से एक लाख करोड़ रुपये का शुरुआती निवेश कर रही है। इसके अलावा, करीब छह लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश निजी और बाहरी स्रोतों (Private Investment) से जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुल सात लाख करोड़ रुपये का यह भारी-भरकम निवेश बिहार की अर्थव्यवस्था की सूरत बदल देगा। इससे निर्माण क्षेत्र (Real Estate) को अभूतपूर्व रफ्तार मिलेगी और राज्य के लाखों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
विश्वस्तरीय नागरिक सुविधाओं से लैस होंगे नए शहर
इन नई टाउनशिप का खाका भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर खींचा गया है। यहां चौड़ी आधुनिक सड़कों का नेटवर्क, 24 घंटे शुद्ध पेयजल, आधुनिक सीवरेज और अंडरग्राउंड बिजली सप्लाई सिस्टम होगा। इसके साथ ही बड़े-बड़े पार्क (हरित क्षेत्र), विश्वस्तरीय स्कूल-कॉलेज, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और बड़े कमर्शियल हब विकसित किए जाएंगे। सरकार का मुख्य विजन बिहार में शहरीकरण की दर को बढ़ाकर 35 प्रतिशत तक ले जाना है।
इस हाई-प्रोफाइल बैठक में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत हुडको और बिहार सरकार के कई आला अधिकारी मौजूद रहे।
