Birsa Times

अवैध खनन की खबर प्रकाशित होने पर पत्रकार को बीच रास्ते में रोककर मारपीट का प्रयास

अवैध खनन की खबर प्रकाशित होने पर पत्रकार को बीच रास्ते में रोककर मारपीट का प्रयास

पत्रकार को खबर प्रकाशित करना पड़ा भारी, अवैध मिट्टी कारोबारियों पर धमकाने का आरोप

माधौगढ़ (जालौन)। क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन एवं बिक्री के खिलाफ लगातार समाचार प्रकाशित कर रहे पत्रकार योगेंद्र प्रजापति को कथित तौर पर धमकियों और मारपीट के प्रयास का सामना करना पड़ा है। पत्रकार ने आरोप लगाया है कि अवैध मिट्टी कारोबार से जुड़े लोगों ने उन्हें रास्ते में रोककर अभद्रता की और डराने-धमकाने का प्रयास किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पत्रकार योगेंद्र प्रजापति द्वारा हाल ही में गोहन क्षेत्र में संचालित अवैध मिट्टी खनन से संबंधित समाचार प्रकाशित किया गया था। समाचार प्रकाशित होने के बाद कथित रूप से अंजनी कुशवाहा सहित चार अज्ञात व्यक्ति नाराज हो गए और पत्रकार को बीच रास्ते में रोककर दबाव बनाने तथा धमकाने का प्रयास किया। पत्रकार ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई।

घटना के बाद पत्रकार योगेंद्र प्रजापति ने उपजिलाधिकारी माधौगढ़ को शिकायती पत्र देकर अपनी सुरक्षा की मांग की है। शिकायत में उन्होंने बताया कि संबंधित लोगों से उन्हें लगातार खतरा महसूस हो रहा है तथा भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी माधौगढ़ ने थानाध्यक्ष गोहन को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद क्षेत्र में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कार्य कर रहे पत्रकारों को भयमुक्त वातावरण मिलना चाहिए। यदि किसी ने कानून हाथ में लेकर पत्रकार को धमकाने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *