आदिवासी एक्सप्रेस/श्रवण कुमार रवि
बिश्रामपुर,पलामू। जिले के बिश्रामपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-17 में सड़क पर शौचालय का गंदा पानी बहाए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। इस मामले में स्थानीय समाजसेवी मो. सत्तार खलीफा उर्फ पेंटर जिलानी ने बिश्रामपुर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी एवं बिश्रामपुर थाना को लिखित शिकायत देकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।दर्ज शिकायत में जिलानी ने बताया है कि बिश्रामपुर बस स्टैंड से पश्चिम दिशा की ओर जाने वाली पीसीसी सड़क पर एक शौचालय का गंदा पानी प्रतिदिन बहाया जा रहा है।उनके अनुसार यह स्थान मुख्य मार्ग पर स्थित है,जहां से बड़ी संख्या में राहगीरों का आवागमन होता है।सड़क पर गंदा पानी बहने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा है।उन्होंने कहा कि इसी मार्ग से मंदिरों में पूजा-अर्चना करने जाने वाले श्रद्धालु एवं अन्य नागरिक गुजरते हैं।साथ ही मुहर्रम समेत विभिन्न धार्मिक अवसरों पर आने वाले लोग भी इस समस्या से प्रभावित हो रहे हैं।गंदे पानी के कारण सड़क पर दुर्गंध फैल रही है,जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब इस संबंध में संबंधित लोगों से शिकायत की जाती है तो वे समस्या का समाधान करने के बजाय विवाद और झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं।इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है।मो. सत्तार खलीफा उर्फ पेंटर जिलानी ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है।वहीं स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नगर परिषद और प्रशासन जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करेंगे,ताकि सड़क पर गंदे पानी का बहाव बंद हो सके और आम लोगों को राहत मिल सके।
