Birsa Times

एक किलोग्राम से अधिक गांजा के साथ तस्कर को फेसर थाना के पुलिस ने गिरफ्तार किया।

एक किलोग्राम से अधिक गांजा के साथ तस्कर को फेसर थाना के पुलिस ने गिरफ्तार किया।

रिपोर्ट – प्रमोद कुमार सिंह

औरंगाबाद :- जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औरंगाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फेसर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 1.445 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक लाख आठ हजार रुपये नकद तथा एक डिजिटल तराजू भी बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 जून की शाम करीब 4:15 बजे फेसर थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी आनंद कुमार उर्फ आनंद प्रजापत अपने घर एवं हरनारी मोड़ स्थित गल्ला भंडार से मादक पदार्थों का अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके ठिकानों पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान घर में रखी एक अटैची से 1.445 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने मादक पदार्थों की बिक्री से जुड़े होने के संदेह में एक डिजिटल तराजू और 1,08,000 रुपये नकद भी जब्त किए। मौके से आरोपी आनंद कुमार उर्फ आनंद प्रजापत को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह शराब की बिक्री नहीं करता है, बल्कि अधिक मुनाफे के कारण गांजा बेचने का काम करता था।
इस मामले में फेसर थाना कांड संख्या 68/26 दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
औरंगाबाद पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध धंधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवरिया गांव निवासी आनंद कुमार उर्फ आनंद प्रजापत के रूप में हुई है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *