Birsa Times

बिंदुधाम में दुर्गा मंदिर निर्माण पर विवाद, ग्रामीणों में आक्रोश; कार्रवाई की मांग

बिंदुधाम में दुर्गा मंदिर निर्माण पर विवाद, ग्रामीणों में आक्रोश; कार्रवाई की मांग

सैकड़ों ग्रामीणों ने रांगा थाना और अंचलाधिकारी को सौंपा आवेदन, धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला बना चर्चा का विषय

आदिवासी एक्सप्रेस प्रिंस मिश्रा,पतना

पतना,
प्रखंड क्षेत्र के झिकटिया स्थित प्रसिद्ध बिंदुधाम परिसर में अधूरे पड़े दुर्गा मंदिर के निर्माण कार्य को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। मंदिर निर्माण शुरू होने से पहले ही कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से कार्य रुकवाए जाने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। इस मामले को धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए सैकड़ों ग्रामीणों ने रांगा थाना एवं पतना अंचलाधिकारी को लिखित शिकायत देकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार बिंदुधाम मंदिर के प्रवेश द्वार के समीप स्थित दुर्गा मंदिर वर्षों से अर्धनिर्मित अवस्था में पड़ा हुआ है। मंदिर में नियमित रूप से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या यहां पहुंचती है। बावजूद इसके मंदिर का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर में न तो पूरी तरह दीवारें बनी हैं और न ही छत का निर्माण हो सका है, जिससे मंदिर परिसर खुले में पड़ा रहता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खुले परिसर के कारण मंदिर प्रांगण में पशु-पक्षियों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे गंदगी फैलती है और श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं। ग्रामीणों ने बताया कि वे लंबे समय से मंदिर निर्माण पूरा होने की प्रतीक्षा कर रहे थे, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं होने से लोगों में असंतोष बढ़ता गया।

ग्रामीणों के आग्रह पर शुरू हुई निर्माण की पहल

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने क्षेत्र के समाजसेवी दिनेश कर्मकार से मंदिर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने का आग्रह किया था। इसके बाद दिनेश कर्मकार ने मंदिर का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य शुरू कराने की दिशा में पहल करते हुए ईंट सहित अन्य निर्माण सामग्री मंदिर परिसर में पहुंचवाई।
ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार को निर्माण कार्य प्रारंभ करने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान गांव के एक परिवार के कुछ सदस्यों ने कथित रूप से निर्माण कार्य पर आपत्ति जताते हुए उसे रुकवा दिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया।

धार्मिक कार्य में बाधा का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर निर्माण जैसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्य में बाधा डालना उचित नहीं है। उनका कहना है कि वर्षों से अधूरा पड़ा मंदिर पूरा होने से क्षेत्र के श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी तथा धार्मिक गतिविधियों को भी बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रांगा थाना एवं पतना अंचलाधिकारी को आवेदन सौंपा है। आवेदन में तलामय टुडू, जय सोरेन एवं पार्वती सोरेन, सभी निवासी झिकटिया, के विरुद्ध जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा मंदिर निर्माण कार्य में उत्पन्न विवाद का शीघ्र समाधान निकालने की मांग की है। उनका कहना है कि यह मामला केवल निर्माण कार्य का नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों की धार्मिक आस्था और सामाजिक भावना से भी जुड़ा हुआ है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं ग्रामीणों की निगाहें अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *