आदिवासी एक्सप्रेस
सतगावां। प्रखंड के अंतर्गत नंदुडीह निवासी प्रदीप प्रसाद यादव ने अंचल कार्यालय के प्रधान लिपिक बलदेव पंडित पर पारिवारिक सूची बनाने के नाम पर रुपये मांगने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व तेज बारिश और वज्रपात की घटना में प्रदीप प्रसाद यादव की पत्नी एवं पुत्र की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद सरकारी प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने के लिए प्रदीप यादव अंचल कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि पारिवारिक सूची बनाने के एवज में प्रधान लिपिक द्वारा दो मरे हुए लोगों के लिए 5,5 हजार कुल 10 हजार रुपये तक की मांग की गई। प्रदीप यादव का कहना है कि उन्होंने दबाव आकर चाय पीनी के लिए तत्काल प्रधान लिपिक को 200 रुपये दे दिए थे। बाद में उन्होंने इस संबंध में जिला परिषद प्रतिनिधि धनंजय यादव से शिकायत की। शिकायत के बाद संबंधित कर्मी द्वारा लिए गए 200 रुपये वापस कर दिए गए। मामले की जानकारी सामने आने के बाद लोगों ने सरकारी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग भी उठ रही है। हालांकि, इस मामले में प्रधान लिपिक बलदेव पंडित का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। उन्होंने कहा अभी हम कुछ नहीं बोलेंगे, उनका पक्ष मिलने पर बयान दिखाया जाएगा।
