Birsa Times

बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ एवं सीआईबी की बड़ी कार्रवाई 100 बोतल विदेशी शराब के साथ लखीसराय का एक युवक गिरफ्तार

बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ एवं सीआईबी की बड़ी कार्रवाई 100 बोतल विदेशी शराब के साथ लखीसराय का एक युवक गिरफ्तार

अजय कुमार कुशवाहा ब्यूरो
आदिवासी एक्सप्रेस

बरहरवा साहिबगंज- रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को आरपीएफ एवं सीआईबी मालदा की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 100 बोतल विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। जब्त शराब की कुल मात्रा 18 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 14 हजार रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार युवक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट बरहरवा एवं क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (सीआईबी) मालदा की संयुक्त टीम अवैध मादक पदार्थों, आपत्तिजनक वस्तुओं तथा अन्य अवांछनीय गतिविधियों की रोकथाम के उद्देश्य से ट्रेन संख्या 13429 आनंद विहार–मालदा एक्सप्रेस में विशेष जांच अभियान चला रही थी। अभियान में सीआईबी मालदा के सहायक उपनिरीक्षक रविशंकर यादव, हेड कांस्टेबल स्वपन कुमार घोष एवं नुपुर बरन मिद्या के साथ आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के उपनिरीक्षक लाल बहादुर माझी तथा कांस्टेबल शहजाद अंसारी शामिल थे।

जांच के दौरान जब ट्रेन बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पहुंचने वाली थी, तभी संयुक्त टीम की नजर स्टेशन के प्रतीक्षालय के मध्य भाग में एक युवक पर पड़ी, जो एक भारी ट्रॉली बैग और एक बैकपैक लेकर संदिग्ध अवस्था में इधर-उधर घूम रहा था। संदेह के आधार पर टीम ने उसे रोककर पूछताछ की तथा उसके सामान की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग और बैकपैक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। जांच में ट्रॉली बैग से ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की की 180-180 मिलीलीटर की 75 बोतलें तथा बैकपैक से उसी ब्रांड की 25 बोतलें बरामद की गईं। इस प्रकार कुल 100 बोतल विदेशी शराब जब्त की गई।

पूछताछ के दौरान युवक शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज अथवा प्राधिकरण प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने अपना नाम छोटू कुमार (21 वर्ष), पिता सुबोध मंडल, ग्राम लक्ष्मीपुर, पोस्ट सिंहचक, थाना सूरजगढ़ा, जिला लखीसराय (बिहार) बताया।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि बरामद शराब की कुल मात्रा 18,000 मिलीलीटर (18 लीटर) है तथा इसकी अनुमानित कीमत लगभग 14,000 रुपये है। उपलब्ध गवाहों की उपस्थिति में जब्ती सूची तैयार कर शराब एवं उससे संबंधित ट्रॉली बैग तथा बैकपैक को जब्त कर लिया गया। हालांकि प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों से कई बार अनुरोध किए जाने के बावजूद कोई स्वतंत्र व्यक्ति जब्ती प्रक्रिया का गवाह बनने के लिए आगे नहीं आया।

कार्रवाई के बाद आरोपी को विधिवत हिरासत में लिया गया तथा उसकी इच्छा के अनुसार उसके परिजनों को मोबाइल फोन के माध्यम से गिरफ्तारी की सूचना भी दे दी गई। बाद में आरोपी एवं जब्त सामग्री को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया, जहां से अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, साहिबगंज को सूचित किया गया।

आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि रेलवे परिसरों एवं ट्रेनों में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *