Birsa Times

देवघर में ब्राउन शुगर कारोबार का भंडाफोड़, 11 पुड़िया ड्रग्स व डेढ़ लाख नकद बरामद

देवघर में ब्राउन शुगर कारोबार का भंडाफोड़, 11 पुड़िया ड्रग्स व डेढ़ लाख नकद बरामद

आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो/कृष्णा गोस्वामी
देवघर -देवघर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया स्थित गांधी नगर में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर और 1 लाख 45 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में दो अन्य युवकों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांधी नगर निवासी बंटी महथा ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में सक्रिय है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने बिचकोड़िया स्थित उसके घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसकी जेब से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। वहीं घर से नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित 1 लाख 45 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए। बरामद सामान को जब्त कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बंटी महथा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ हत्या, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
जांच के दौरान राहुल महथा उर्फ राहुल चौधरी और विशाल महथा उर्फ छोटू के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस दोनों की भूमिका की जांच कर रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी मुकेश कुमार, अनुसंधानकर्ता राजेंद्र प्रसाद, एसआई चंद्रशेखर रजक, एसआई सूरज कुमार, एसआई सुमंत प्रसाद समेत तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *