आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता
छत्तरपुर,पलामू। स्थानीय अंचल कार्यालय के मुख्य गेट के समीप सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में पारा शिक्षक राजेश भारद्वाज की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके और शिक्षक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजेश भारद्वाज जनगणना के सिलसिले में ब्लॉक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भारतीय खाद्य निगम (FCI) के अनाज से पूरी तरह लदे एक तेज रफ्तार ट्रक (JH03AJ1730) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिक्षक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।आक्रोशित ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत छत्तरपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक (JH03AJ1730) को जब्त कर लिया है और गाड़ी के नंबर के आधार पर फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। स्थानीय शिक्षक संघ ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है।
