Birsa Times

शिकारीपाड़ा में भीषण अग्निकांड: राजबांध में घर जलकर राख।

शिकारीपाड़ा में भीषण अग्निकांड: राजबांध में घर जलकर राख।

शिकारीपाड़ा/दुमका

आदिवासी एक्सप्रेस।

शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजबांध के बाउरीपाड़ा मोहल्ले में रविवार रात एक भीषण आगजनी की घटना सामने आई है, जिसमें एक गरीब परिवार का आशियाना पूरी तरह जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया। पीड़ित गृह स्वामी का नाम चंडी बाउरी बताया जा रहा है, जिनका इस हादसे में सब कुछ नष्ट हो गया है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है आशंका जताई जा रही है कि गैस फटने के कारण आग लगी होगी, कारण स्पष्ट नहीं है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों द्वारा शिकारीपाड़ा पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और आग की लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया था। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरा मकान मलबे और राख के ढेर में तब्दील हो गया।
इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकारीपाड़ा प्रखंड मुख्यालय में एक भी दमकल (फायर ब्रिगेड) की गाड़ी उपलब्ध नहीं है। जब भी क्षेत्र में ऐसी कोई आपातकालीन स्थिति पैदा होती है, तो जिला मुख्यालय दुमका से दमकल की गाड़ियों को बुलाना पड़ता है। दुमका से शिकारीपाड़ा की दूरी अधिक होने के कारण गाड़ियों को पहुंचने में बहुत लंबा समय लग जाता है, जिसके कारण तब तक सब कुछ जलकर बर्बाद हो जाता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से पुरजोर मांग की है कि क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए शिकारीपाड़ा प्रखंड मुख्यालय में स्थाई रूप से दमकल गाड़ियों की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की आपदाओं पर समय रहते काबू पाया जा सके और किसी दूसरे परिवार को ऐसा नुकसान न झेलना पड़े।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *