शिकारीपाड़ा/दुमका/
आदिवासी एक्सप्रेस।
शिकारीपाड़ा बाजार से दुकान बंद कर अपने घर कुम्हारपारा लौट रहे एक स्वर्ण व्यवसायी के साथ दुर्गा मंदिर के पीछे अज्ञात अपराधियों ने लूटपाट का प्रयास किया। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि पीड़ित व्यवसायी संतोष वर्मा जब मंदिर के पीछे से गुजर रहा था, तभी एक ही बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उसे जबरन रोक लिया और उसके पास मौजूद ज्वेलरी छिनने लगे। व्यवसायी ने जब हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू किया, तो खुद को घिरता देख अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज और व्यवसायी का शोर सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर जुटते, अपराधी वहां से फरार होने में कामयाब रहे। घटना की सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल से दो गोली भी बरामद किए हैं और अपराधियों की धरपकड़ के लिए इलाके में छापेमारी शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यवसायियों में सुरक्षा को लेकर काफी चिंता देखी जा रही है।
