संवाद सूत्र, जागरण चरही (हजारीबाग) । शनिवार सुबह करीब नौ बजे चरही चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हजारीबाग की ओर से आ रहा चुना लदा अनियंत्रित ट्रेलर अचानक कई वाहनों को रौंदते हुए सड़क किनारे दुकानों में जा घुसा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर ने सबसे पहले सागर यात्री बस, एक टेंपो और एक 407 वाहन को अपनी चपेट में लिया। इसके बाद सड़क किनारे बाइक पर मौजूद दो भाइयों आदित्य सिंह और आशीष सिंह को टक्कर मार दी।
अनियंत्रित ट्रेलर आगे बढ़ते हुए फल और पान की दुकान में जा घुसा, जहां दुकान के अंदर मौजूद फल विक्रेता उदय सिंह (29 वर्ष), पिता सूर्यदेव सिंह, निवासी नीमाडीह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल आदित्य सिंह (58 वर्ष) और उनके छोटे भाई आशीष सिंह (45 वर्ष) को अन्य घायलों के साथ तत्काल मांडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां इलाज के दौरान दोनों भाइयों की मौत हो गई।
बताया गया कि आदित्य सिंह बरही से चरही पहुंचे थे और उन्होंने अपने भाई आशीष सिंह को मुकुरू से चरही आने के लिए बुलाया था। आशीष सिंह बाइक से बड़े भाई को लेने पहुंचे ही थे कि दोनों हादसे की चपेट में आ गए।
घटना के बाद चरही चौक पर अफरा-तफरी मच गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए हजारीबाग की ओर से आने वाले वाहनों को विपरीत दिशा की लेन से गुजरवाना शुरू किया।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर में चुना लदा होने के कारण उसे हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दो क्रेन बुलाकर कई घंटों बाद ट्रेलर को सड़क से हटाया जा सका। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।