झारखंड में आज से मॉनसून का असर दिखने लगेगा. 17 जून को राज्य के कई जिलों में तेज हवा के साथ भारी बारिश होगी. इससे मौसम ठंडा होगा और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी.अगले 24 घंटे में मॉनसून का असर झारखंड के साथ ही पश्चिम बंगाल, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के इलाकों में भी नजर आने लगेगा.
रांची में सुबह से छाये बादल
मौसम विभाग के अनुसार, 17 जून से राजधानी रांची सहित राज्य के अन्य हिस्सों में गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है. इसे देखते हुए पूरे झारखंड में येलो अलर्ट जारी किया गया है. आज सुबह से ही रांची में बादल छाये हुए हैं. जिले के कई इलाकों में हल्की बूंदा-बांदी भी हुई. इस दौरान लोगों ने मौसम में ठंडक महसूस किया.
वज्रपात से एक बच्ची की मौत
बता दें कि सोमवार को संताल परगना के कई इलाकों में बारिश हुई. इसमें सबसे अधिक बारिश हजारीबाग में 30 मिमी रिकॉर्ड की गयी. जबकि बोकारो में छह मिमी बारिश दर्ज की गयी. हालांकि, 16 जून को राजधानी रांची में लोग दिन भर उमस भरी गर्मी से परेशान दिखे. लेकिन दोपहर में जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई. कुछ जगहों पर एक से दो मिमी वर्षा दर्ज की गयी. इस दौरान टंडवा में वज्रपात से पोकला कसिवाडीह पंचायत के सुरेंद्र भुइयां की आठ वर्षीय पुत्री की मौत हो गयी.
देर रात कई जिलों में बारिश
वहीं, देर रात गढ़वा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, देवघर, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, हजारीबाग और कोडरमा सहित कई जिलों में बारिश हुई. राज्य में सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में दर्ज किया गया. सोमवार को यहां का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा. जबकि राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा.