दुमका में मूल्यांकन केंद्र में लगी आग, जैक बोर्ड की 10वी परीक्षा की कई कॉपी जली, जाँच में जुटी पुलिस

दुमका : झारखण्ड की उपराजधानी दुमका में नगर थाना अंतर्गत श्रीराम कृष्ण आश्रम प्लस टू उच्च विद्यालय में बीती रात हुई आगजनी की घटना में जैक (झारखण्ड एकेडमिक काउंसिल) बोर्ड 10वी परीक्षा 2025 की कई मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका जल गयी। इस घटना के बाद हड़कंप मचा हुआ है। श्रीराम कृष्ण आश्रम प्लस टू उच्च विद्यालय में जैक बोर्ड की हाल में हुई 10वी परीक्षा का मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। बीते 12 अप्रैल से यहाँ उत्तर पुस्तिकाओं की जाँच एवं मूल्यांकन का काम शुरू हुआ। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा बीती रात विद्यालय के एक भवन में जांच कर रखी गयी परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं में आग लगा दी गयी। जिसमें करीब 800 से 900 उत्तर पुस्तिकाएँ पूरी तरह से या फिर आंशिक रूप से जल गयी। जानकारी के मुताबिक आगलगी की इस घटना की सूचना विद्यालय में तैनात रात्रि प्रहरी ने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सह मूल्यांकन केंद्र निदेशक को दी। आनन -फानन में आग पर किसी तरह काबू पाया गया और नगर थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी गयी। शनिवार की सुबह एलआरडीसी अब्दुल समद, जिला शिक्षा पदाधिकारी भूतनाथ रजवार सहित अन्य अधिकारी विद्यालय पहुँचे और मामले की जाँच की। फिलहाल विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सह मूल्यांकन केंद्र निदेशक के आवेदन पर नगर थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। इधर जिला शिक्षा पदाधिकारी भूतनाथ रजवार ने कहा कि बीती रात करीब दो से ढाई बजे के बीच कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा ज्वलनशील पदार्थ डालकर मूल्यांकित कॉपी को जलाने का प्रयास किया गया। इसकी तुरंत सूचना नगर थाना पुलिस को दी गयी। आग पर काबू पाया जा चुका था। इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करके अज्ञात अपराधियों के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। मामले की जानकारी जैक सचिव को दें दी गयी है और पूरी घटना की जाँच की जा रही है।

Related posts

Leave a Comment