साप के काटने से महिला और किशोर की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

रिपोर्ट – प्रमोद कुमार सिंह

 औरंगाबाद/ एक महिला और किशोर की मौत हो गई। घटना शहर के वार्ड नंबर 31 स्थित सोन कॉलोनी के समीप की है, जहां एक विषैले सर्प ने कमरे में सो रही 34 वर्षीय महिला और 15 वर्षीय किशोर को काट लिया। महिला की पहचान छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र के इदरी कला गांव निवासी गधेल राम की पत्नी रविता देवी एवं किशोर की पहचान सोन कॉलोनी स्थित सुभाष वैध के पुत्र कृष्ण वैध के रूप में हुई है। वैसे किशोर का पैतृक गांव हसपुरा थाना क्षेत्र के बड़ोखर हैं। घटना बुधवार के देर रात की है।

मृतक महिला की छोटी बहन पिंकी कुमारी ने बताया कि उसकी मां टुनिया देवी सिंचाई विभाग में जॉब करती थी और सोन कॉलोनी के क्वार्टर के रहती थी। तीन महीने पूर्व उसकी मां की बीमारी से मौत हो गयी थी। एक सप्ताह पूर्व पिंकी अपनी बहन रविता और जीजा गधेल राम के साथ औरंगाबाद अपनी जॉब से संबंधित कागजात तैयार करने आयी थी।

बुधवार की रात पूरा परिवार खाना खाकर सोया हुआ था। इस दौरान एक विषैला करैत सर्प ने महिला को काट लिया जिससे वह चीखने-चिल्लाने लगी। शोर सुनकर परिजन उठ गए। तभी उनकी नज़र सर्प पर पड़ी। परिजनों ने सर्प को मारना चाहा, लेकिन वह दीवार के बिल से बगल के क्वार्टर में सो रहे किशोर के कमरे में चला गया। इसी दौरान सर्प ने किशोर को भी काट लिया।

इसके बाद महिला और किशोर को परिजनों ने आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने जांच-पड़ताल के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर स्थिति में किशोर को बेहतर इलाज़ के लिए मगध मेडिकल गया रेफर कर दिया गया। इस दौरान रास्ते में किशोर की भी मौत हो गई। इस घटना के बाद से महिला और किशोर के परिजनों का रो-रोकर कर बुरा हाल है, वहीं आस-पास शोक व्याप्त हैं। महिला की एक छोटी सी मासूम बेटी भी है।

Related posts

Leave a Comment