तीन अलग-अलग सड़क हादसे में एक महिला की मौत, आधा दर्जन से अधिक घायल,
दो की स्थिति चिंताजनक,सभी रेफर
आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
हंटरगंज (चतरा): जिला प्रशासन के लाख सख्ती के बाबजूद भी तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। ताजा मामला चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड क्षेत्र में शादी की खुशियों के सफर पर निकला परिवार अचानक मातम में डूब गया। प्रखंड क्षेत्र में हुए तीन अलग- अलग सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन से अधिक युवक घायल हो गए। जिसमें दो युवक की स्थिती चिंताजनक है,अभी भी वे अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झुझ रहे हैं। पहली घटना चतरा -डोभी मुख्य पथ एनएच 22 पर स्थित पंखा मोड़ आईटीआई कॉलेज के समीप घटी जहां मंगलवार देर शाम दो बाइकों के आमने – सामने टक्कर में शादी की खुशियों के सफर पर निकले दादी – पोते व एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि स्थानीय राहगीरों और जोरी थाना पुलिस ने तीनों घायलों को उठाकर एंबुलेंस के माध्यम से हंटरगंज सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के उपरांत स्थिति नाजुक देखते हुए तीनों को गयाजी मगध मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। वहां ईलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दी जबकि दोनों युवक अभी भी बेहोश हैं। मृतक महिला की पहचान गोसाईडीह निवासी बैजू यादव के 65 वर्षीय पत्नी मतिया देवी, जबकि घायल युवक मृतका के पोता आनंद कुमार और एक अन्य युवक अकौना निवासी सोनू यादव के 22 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई। वहीं दूसरी घटना बुधवार अहले सुबह चतरा – डोभी मुख्य पथ पर गोडवाली के समीप घटी जहां बारात से वापस अपने घर करमा लौट रहे बारातियों की कार एक विपरीत दिशा में जा रही ट्रैक्टर से जा टकराई। इस हादसे में 6 कार पर सवार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने सभी घायलों को ईलाज के लिए हंटरगंज सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के उपरांत सभी को गया रेफर कर दिया।घायल युवक की पहचान कमलेश यादव, रिंकू यादव, आकाश कुमार, दिलीप यादव, रामाशीष यादव, सुनील यादव सभी वशिष्ठ नगर जोरी थाना क्षेत्र के करमा निवासी के रूप में की गई हैं। वही तीसरी घटना हंटरगंज – प्रतापपुर मुख्य पथ पर बुधवार सुबह 8 बजे
नावाडीह के समीप घटी। जहां शादी समारोह से एक बाइक पर सवार युवक वापस अपने घर जा इस था इसी दौरान उसका बाइक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पिकेट प्रभारी सुनील दुबे दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवक को वाहन की मदद से हंटरगंज सीएचसी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने घायल युवक की प्राथमिक उपचार के उपरांत गया रेफर कर दिया।घायल युवक की पहचान दिलीबिघा गांव निवासी योगी यादव के 32 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार यादव के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बेलगाम रफ्तार में सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों की गति सीमा पर अंकुश लगाने को लेकर जिला प्रशासन से मांग की है। लोगों के द्वारा कहा जा रहा है अगर इन बेलगाम वाहनों की रफ्तार पर लगाम नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में और भी दुर्घटना हो सकती है। वहीं लोगों ने युवाओं से अपील की है कि जब भी आप बाइक लेकर सड़क पर निकले तो हेलमेट का प्रयोग जरूर करे।
